MCBछत्तीसगढ़

जिला स्तरीय “संवाद से संपूर्ण समाधान” शिविर में उमड़ा जनसैलाब, 501 से अधिक आवेदनों का हुआ निराकरण

शिविर में प्राप्त हर आवेदन का होगा त्वरित निराकरण, लंबित मामलों का भी जल्द होगा समाधान : कलेक्टर

WhatsApp Image 2026-02-06 at 10.57.42 PM
WhatsApp Image 2026-02-06 at 10.57.41 PM (1)
WhatsApp Image 2026-02-06 at 10.57.39 PM (4)
WhatsApp Image 2026-02-06 at 10.57.38 PM (1)
WhatsApp Image 2026-02-06 at 10.57.39 PM (3)
WhatsApp Image 2026-02-06 at 10.57.39 PM (2)
WhatsApp Image 2026-02-06 at 10.57.40 PM
WhatsApp Image 2026-02-06 at 10.57.40 PM (2)
WhatsApp Image 2026-02-06 at 10.57.40 PM (1)
WhatsApp Image 2026-02-06 at 10.57.37 PM (1)
WhatsApp Image 2026-02-06 at 10.57.39 PM (1)
WhatsApp Image 2026-02-06 at 10.57.41 PM
WhatsApp Image 2026-02-06 at 10.57.39 PM
WhatsApp Image 2026-02-06 at 10.57.37 PM
WhatsApp Image 2026-02-06 at 10.57.38 PM

एमसीबी/15 मई 2026/ छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी पहल “सुशासन तिहार 2026” के अंतर्गत विकासखंड मनेंद्रगढ़ के ग्राम पंचायत तिलोखन में आयोजित विशाल जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर “संवाद से संपूर्ण समाधान” जनविश्वास, संवेदनशील प्रशासन और सुशासन का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया। कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अंकिता सोम की उपस्थिति में आयोजित इस भव्य शिविर में 11 ग्राम पंचायतों के हजारों ग्रामीणों की ऐतिहासिक सहभागिता देखने को मिली। शासन की योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचाने और समस्याओं का त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में सुबह से ही ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ग्रामीण अपनी समस्याएं, मांगें और आवेदन लेकर शिविर में पहुंचे, जहां अधिकारियों ने गंभीरता, संवेदनशीलता और तत्परता के साथ उनकी समस्याएं सुनीं तथा बड़ी संख्या में मामलों का मौके पर ही निराकरण कर तत्काल राहत प्रदान की गई।

इस जिला स्तरीय शिविर में ग्राम पंचायत तिलोखन, घाघरा, पसौरी, चरवाही, केलुआ, डोंडकी, बुलाकीटोला, केल्हारी, मनवारी, डांडहंसावाही और बिछियाटोला के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। शिविर स्थल पर जनभागीदारी, प्रशासन के प्रति विश्वास और उत्साह का सकारात्मक वातावरण देखने को मिला। प्राप्त आवेदनों में अनेक मामलों का मौके पर ही समाधान कर हितग्राहियों को राहत पहुंचाई गई, जबकि शेष आवेदनों को निर्धारित समय-सीमा में निराकरण के लिए संबंधित विभागों को सौंपा गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंती सिंह, उपाध्यक्ष राजेश साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष जानकी बाई कुसरो, जिला पंचायत सदस्य अनीता सिंह एवं उजीत नारायण, जनपद उपाध्यक्ष ज्योति गुप्ता, जनपद सदस्य श्रीमती अशोतिया बाई, श्रीमती शांति, सुश्री सुरतिया, विधायक प्रतिनिधि रवि गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर शासन की योजनाओं का लाभ लेने की अपील भी की।

शिविर में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, बिहान योजना, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, समाज कल्याण विभाग, कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, वन विभाग, राजस्व विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, खाद्य विभाग, पुलिस विभाग, पशु चिकित्सा विभाग, आयुष विभाग, जल संसाधन विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, क्रेडा तथा आयुष्मान भारत योजना सहित विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक एवं उपयोगी स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की विस्तृत जानकारी देने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान भी किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

शिविर में लगभग 501 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें बड़ी संख्या में आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को राहत प्रदान की गई। इस दौरान पात्र 5 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, 2 हितग्राहियों को वय वंदन कार्ड, 17 हितग्राहियों को किसान किताब, 4 हितग्राहियों को व्हील चेयर, बैसाखी एवं श्रवण यंत्र वितरित किए गए। स्वस्थ भारत मिशन के अंतर्गत 9 हितग्राहियों को ड्रेस वितरण किया गया, वहीं 5 हितग्राहियों को आवास की चाबी प्रदान की गई। कृषि विभाग द्वारा 6 हितग्राहियों का ई-केवाईसी किया गया तथा 5 हितग्राहियों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए। इसके साथ ही 6 हितग्राहियों को किसान क्रेडिट कार्ड तथा 6 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 20 हितग्राहियों को गणवेश वितरण किया गया तथा राशन कार्ड एवं आधार कार्ड अपडेट की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। शासन की योजनाओं का लाभ सीधे हाथों-हाथ मिलने से ग्रामीणों में खुशी और संतोष का माहौल दिखाई दिया।

कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सरोकार और पारंपरिक संस्कारों की सुंदर झलक भी देखने को मिली। जनप्रतिनिधियों द्वारा नन्हे-मुन्ने बच्चों रूही, शोभन सिंह, लक्ष्मी, आरुही, आँचल, अर्चना, कार्तिक और अंशु का अन्नप्राशन कराया गया। वहीं आशा सिंह, धनमंती, इन्द्र कुंवर, लक्ष्मी, रिया, कमला सिंह, सीता, चन्द्रवती, दुर्गा, निर्मला, सुमित्रा, आरती टेकाम, तिजाना और आशा सिंह की गोदभराई रस्म भी संपन्न कराई गई।

जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंती सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन की नई कार्य संस्कृति स्थापित हुई है। अब शासन केवल कार्यालयों तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि गांव-गांव पहुंचकर आम जनता की समस्याओं का समाधान कर रहा है। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय शिविर “सुशासन तिहार 2026” संवेदनशील, जवाबदेह और जनहितैषी शासन व्यवस्था का सशक्त उदाहरण है।

जनपद पंचायत अध्यक्ष जानकी बाई कुसरो ने कहा कि राज्य सरकार आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

उपाध्यक्ष राजेश साहू ने अपने संबोधन में कहा कि “सुशासन तिहार 2026” शासन और जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बन चुका है। आज प्रशासन स्वयं गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है और उनका निराकरण कर रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में जनहित और विकास को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

अंत में कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं तथा लंबित मामलों का भी शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि ग्रामीणों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि प्रशासन स्वयं गांवों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करे।

कार्यक्रम में तिलोखन सरपंच आशा सिंह, घाघरा सरपंच शोभन सिंह, पसौरी सरपंच राजना सिंह, चरवाही सरपंच विजय सिंह, केलुआ सरपंच कलावती, डोंडकी सरपंच रजमी सिंह, बुलाकीटोला सरपंच शुभकरन सिंह, केल्हारी सरपंच आशा सिंह, मनवारी सरपंच चन्द्रवती, डांडहंसावाही सरपंच बुधवरिया, बिछियाटोला सरपंच सोनकुंवर, एसडीएम इंदिरा मिश्रा, जनपद मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री वैशाली सिंह, तहसीलदार सतरूपा साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button