
एमसीबी/13 जुलाई 2026/ विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत चैनपुर में जनसंख्या नियंत्रण एवं परिवार नियोजन के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से भव्य जागरूकता रैली एवं पदयात्रा का आयोजन किया गया। सरपंच के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली के माध्यम से ग्रामीणों को बढ़ती जनसंख्या के सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी प्रभावों की जानकारी देते हुए छोटा परिवार, स्वस्थ परिवार और समृद्ध समाज का संदेश दिया गया। पूरे गांव में जनजागरूकता का माहौल देखने को मिला और प्रतिभागियों ने लोगों को परिवार नियोजन अपनाने तथा जनसंख्या स्थिरता के महत्व से अवगत कराया।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पीएलवी अंजनी यादव एवं अजय विश्वकर्मा, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर शिल्पा अग्रवाल, रत्ना सिदार एवं वीणा वर्मा, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी आदित्य शर्मा, मिशन शक्ति हब की जेंडर विशेषज्ञ शैलजा गुप्ता, अनीता शाह तथा सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक प्रियंका राजवाड़े सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने अधिक से अधिक लोगों को जनसंख्या स्थिरता, परिवार नियोजन और मातृ-शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। आयोजन में सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को सफल एवं प्रभावशाली बनाया।




